एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में बुधवार को सड़क डिवाइडर से टकराने के बाद एक ऑटो रिक्शा में आग लगने से एक अज्ञात महिला यात्री की मौत हो गई।

घोड़बंदर रोड पर सुबह 5.45 बजे हुई इस दुर्घटना में वाहन चालक गंभीर रूप से झुलस गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ऑटो-रिक्शा ठाणे शहर से भायंदर की ओर आ रहा था जब उसके चालक ने नियंत्रण खो दिया। ठाणे महानगर पालिका के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख अविनाश सावंत ने बताया कि वाहन सड़क के डिवाइडर से टकरा गया और उसमें आग लग गई। एक महिला यात्री वाहन के अंदर फंस गई और जलकर उसकी मौत हो गई है। अधिकारी ने कहा कि चालक की पहचान राजेश कुमार (45) के रूप में हुई है, वह गंभीर रूप से झुलस गया है।
सावंत ने कहा कि ऑटोरिक्षा राख में तब्दील हो गया है।
उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के बाद स्थानीय दमकलकर्मी और आरडीएमसी की टीम मौके पर पहुंची और आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। चालक को अस्पताल ले जाया गया और उसका इलाज चल रहा है। अधिकारी ने कहा कि महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। कसारवडवली पुलिस घटना की जांच कर रही है।